
बिहार में आज 13 नवंबर बुधवार को चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। इस बीच तरारी विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुरा में बूथ संख्या-223 पर दो पक्षों में झड़प हो गई। इसमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। बिहार में पहले दो घंटे यानी सुबह 9 बजे तक इमामगंज सीट के लिए 8.46, तरारी के लिए 9.30, बेलागंज के लिए 9.12 और रामगढ़ के लिए 11.35 प्रतिशत मतदान की खबर है। यह उपचुनाव बेलागंज, इमामगंज, तरारी और रामगढ़ सीटों पर हो रहे हैं क्योंकि इन सीटों के विधायक अब सांसद बन गए हैं। इनमें से तीन सीटें पहले लालू यादव की पार्टी के पास थीं, जबकि एक सीट एनडीए के पास थी। कुल 38 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके भाग्य का फैसला आज EVM में बंद होगा। इस चुनाव में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज भी मैदान में है। प्रशांत किशोर की पार्टी पहली बार चुनाव लड़ रही है।
यहां देखिए सुबह के वोटिंग अपडेट :-
* इमामगंज में सबसे ज्यादा वोटिंग
दोपहर एक बजे तक बिहार की चार विधानसभा सीटों पर 34.77 फीसदी वोटिंग हो चुकी थी। सबसे ज्यादा इमामगंज में 38.17 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं बेलागंज में 35.51 फीसदी, रामगढ़ में 34.43% और तरारी में 30.90 फीसदी वोटिंग हुई है।
* रामगढ़ उपचुनाव वोटिंग अपडेट
निवार्चन आयोग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार रामगढ़ विधानसभा सीट पर वोटिंग सामान्य रूप से चल रही है। बताया गया कि दोपहर 1 बजे तक मतदान 34.43% हुआ है।
* बिहार की चार सीटों के उपचुनाव का सुबह 11 बजे तक का वोटिंग अपडेट
रामगढ़ विधानसभा सीट: 21.56%
इमामगंज विधानसभा सीट: 23.24%
तरारी विधानसभा सीट: 19.60%
बेलागंज विधानसभा सीट: 24.81%
* रामगढ़ उपचुनाव अपडेट: 9 बजे तक 11.35 प्रतिशत वोटिंग
अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भभुआ ने भी अश्व रोही दस्ता के साथ विभिन्न क्रिटिकल बूथ का निरीक्षण करते दिखे। जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि सभी मतदान केंद्रों पर निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पक्षपात रहित मतदान हो। रामगढ़ में 9 बजे तक 11.35 प्रतिशत हुए मतदान। जिला प्रशासन ने की पुष्टि।
* Belaganj By-Election 2024 : बेलागंज में खिरियावां पंचायत मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की लगी लाइन
गया: गया जिले के बेलागंज विधानसभा में हो रहे उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे हैं। नगर प्रखंड के खिरियावां पंचायत मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाता लाइन में लगे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अभी कहीं से भी EVM खराब होने की सूचना नहीं मिली है।
* तरारी विधानसभा उपचुनाव: पुष्पा उच्च विद्यालय में बनाया गया आदर्श महिला मतदान केंद्र
आरा: तरारी विधानसभा क्षेत्र के पुष्पा उच्च विद्यालय पर आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। जहां की पिंक बूथ मतदान केंद्र संख्या तीन पर केवल महिला चुनाव कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा यहां पर सुरक्षा में लगी पुलिसकर्मी भी महिलाएं ही हैं। पीठासीन पदाधिकारी से लेकर पोलिंग अफसर वन, पोलिंग अफसर टू, पोलिंग अफसर 3 से लेकर सभी मतदान कर्मी केवल महिलाएं ही हैं। उनके अंदर एक अलग तरह का उत्साह और उमंग दिख रहा है। वे लोग मुस्तैदी से अपने काम में लगी हुई हैं। चुनाव कार्य में लगी महिला कर्मियों ने बातचीत के क्रम में बताया कि एक अलग तरह का उत्साह और उमंग उनके बीच में हैं क्योंकि यहां पर केवल महिलाएं ही चुनाव कार्य में लगी हुई हैं।
* Ramgarh By-Election 2024 : रामगढ़ सीट के लिए 294 मतदान केंद्र पर वोटिंग शुरू, लगीं वोटर्स की लंबी लाइनें
कैमूर: रामगढ़ सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की लम्बी कतार लग गई है। मतदान केंद्रों पर डीएम एसपी पहुंचे और मतदाताओं से मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील की। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 294 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 2.90 लाख वोटर्स मतदान करेंगे।
* Imamganj By-Election Voting: नक्सल प्रभावित इमामगंज में वोटिंग शुरू, मतदाताओं में उत्साह, लगी लंबी कतार
गया: गया जिले की इमामगंज विधानसभा सीट पर मतदान शुरू हो गया है। उर्दू प्राथमिक विद्यालय बिकुआ कलां बूथ संख्या 21 पर लोकतंत्र के महापर्व में मतदाताओं अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। मतदाताओं में काफी उत्साह है और महिला पुरुष मतदाता मतदान केंद्र पर लंबी कतार में लगकर अपनी बारी इंतजार कर रहे हैं।
Discover more from जन विचार
Subscribe to get the latest posts sent to your email.