जनता से संवाद, समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
कैमूर के जिलाधिकारी का जनता दरबार अब प्रत्येक शुक्रवार को
कैमूर की जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान की दिशा में कैमूर जिला प्रशासन ने एक और सराहनीय कदम उठाया है।

जिलाधिकारी श्री सुनील कुमार द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार अब प्रत्येक शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे से समाहरणालय स्थित मुंडेश्वरी सभागार में जनता दरबार का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा।

इस संबंध में जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा आधिकारिक आदेश भी निर्गत कर दिया गया है। यह जनता दरबार जनसुनवाई की पारंपरिक प्रक्रिया से कहीं अधिक सशक्त और व्यवस्थित होगा, जिसमें आमजन की समस्याओं का समाधान तत्परता से सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रमुख विशेषताएँ:
नियमितता और समयबद्धता:
जनता दरबार का आयोजन प्रत्येक शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे से किया जाएगा। इससे लोगों को समय और दिन की निश्चित जानकारी रहेगी और वे अपनी समस्याओं के साथ पूर्व नियोजित ढंग से पहुंच सकेंगे।
समेकित पदाधिकारी उपस्थिति:
जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के सभी संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है, जिससे शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन संभव होगा।
आवेदन सूचीबद्ध करने की व्यवस्था:
आवेदनों व परिवादों को विधिवत सूचीबद्ध करने एवं उनके वर्गीकरण हेतु कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता और क्षेत्रीय आधार पर किया जा सके।
नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति:
श्री उज्ज्वल कुमार, वरीय उप समाहर्ता, कैमूर को जनता दरबार का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। इनके सहयोग हेतु श्री रत्नेश्वर कुमार, सहायक परियोजना पदाधिकारी, डीआरडीए कैमूर की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी श्री सुनील कुमार ने इस पहल को प्रशासन और आमजन के बीच संवाद की एक सशक्त कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि –
“जनता दरबार केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि प्रशासनिक उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता का भी प्रतीक है। इससे प्रशासन में पारदर्शिता, जिम्मेदारी तथा आम जनता में विश्वास का भाव उत्पन्न होगा।”
यह नवाचारी पहल न केवल समस्याओं के त्वरित समाधान का मार्ग प्रशस्त करेगी, बल्कि लोक प्रशासन को और अधिक जनोन्मुखी एवं प्रभावशाली बनाएगी।
![]()
Discover more from जन विचार
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




