बढ़ती गर्मी और लू की चेतावनी के चलते राजगीर के जू सफारी और नेचर सफारी घूमने का समय बीते 24 अप्रैल से बदल गया है। प्रमंडलीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) राजकुमार एम और जू सफारी के निदेशक राम सुंदर एम ने बुधवार को एक संयुक्त आदेश में कहा कि ये दोनों पर्यटन स्थल सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुले रहेंगे। पहले सफारी में प्रवेश का समय सुबह आठ बजे से था। लेकिन, अब इसे दो घंटे पहले कर दिया गया है। ताकि पर्यटक धूप तेज होने से पहले ही भ्रमण कर सकें। नेचर सफारी, जू सफारी, ग्लास ब्रिज और बर्ड एवीयरी जैसे लोकप्रिय स्थल अब केवल निर्धारित समय सीमा में ही देखे जा सकेंगे।
पर्यटकों को सुबह जल्दी आने की सुविधा देने के लिए नया समय अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। आगंतुकों को दोपहर 12 बजे तक चिड़ियाघर और नेचर सफ़ारी में प्रवेश की अनुमति होगी। आगंतुकों को गर्मी से बचने के लिए सफ़ारी पार्कों में जाते समय आवश्यक सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है।
बिहार मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार राजगीर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है, साथ ही अगले कुछ दिनों में दोपहर के समय तापमान में और वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। आदेश में कहा गया है कि पर्यटकों की सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समय में बदलाव किया गया है।
![]()
Discover more from जन विचार
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




